
लगातार तीसरी बार निर्विरोध चुने गए डॉ. प्रवीण चौहान, मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन में बढ़ा कद
कुफरी में संपन्न हुई एचएमओए की 26वीं जनरल हाउस व राज्य कार्यकारिणी चुनाव प्रक्रिया
चिकित्सकों के सेवा हित, सुरक्षा और कैरियर प्रोग्रेशन पर बनी भावी रणनीति
डॉ. अंकुश ठाकुर बने अध्यक्ष, नई कार्यकारिणी ने बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लिया संकल्प
शिमला, 26 जुलाई।
हिमाचल प्रदेश मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (एचएमओए) की 26वीं जनरल हाउस, सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) एवं राज्य कार्यकारिणी चुनाव-2026 का दो दिवसीय आयोजन शिमला के कुफरी स्थित एडवेंचर रिजॉर्ट में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रदेशभर से पहुंचे मेडिकल ऑफिसर्स की मौजूदगी में संगठन की भावी दिशा, चिकित्सकों के सेवा हितों और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने पर व्यापक मंथन हुआ। चुनाव प्रक्रिया सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें अधिकांश पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
इस चुनाव में डॉ. प्रवीण चौहान लगातार तीसरी बार निर्विरोध वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए। इससे पहले वह दो लगातार कार्यकाल तक राज्य कोषाध्यक्ष के रूप में भी निर्विरोध दायित्व निभा चुके हैं। संगठन के प्रतिनिधियों ने इसे उनके प्रभावी नेतृत्व, पारदर्शी कार्यशैली और चिकित्सकों के हितों के लिए किए गए सतत प्रयासों का परिणाम बताया।
जनरल हाउस में चिकित्सकों की सेवा सुरक्षा, कैरियर प्रोग्रेशन, कार्य परिस्थितियों में सुधार, संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित वरिष्ठ चिकित्सकों ने कहा कि पिछले करीब दस वर्षों में डॉ. प्रवीण चौहान ने संगठन को मजबूत करने, वित्तीय पारदर्शिता स्थापित करने और चिकित्सकों की मांगों को प्रभावी ढंग से सरकार के समक्ष रखने में अहम भूमिका निभाई है।
नई कार्यकारिणी में डॉ. अंकुश ठाकुर को अध्यक्ष, डॉ. विकास ठाकुर को महासचिव, डॉ. विजय राय को प्रेस सचिव, डॉ. सुनीश चौहान को कोषाध्यक्ष, डॉ. योगराज वर्मा को संगठन सचिव, डॉ. मनोज कुमार को आईटी सचिव तथा डॉ. मोहित डोगरा को विधिक सचिव चुना गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर डॉ. प्रवीण चौहान के साथ डॉ. करनजीत सिंह भी निर्वाचित हुए।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए चिकित्सकों के सम्मान, सेवा सुरक्षा, पारदर्शिता और प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प दोहराया।
Kullu, Kullu | Jul 26, 2026