
बेगूसराय के साहेबपुरकमाल थाना इलाके से नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 50 वर्षीय संजय यादव को गिरफ्तार कर लिया है। घटना को लेकर पीड़िता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि 21 सितंबर को एक 15 वर्षीय लड़की को इलाज के लिए साहेबपुरकमाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। अस्पताल के चिकित्सक ने पुलिस को इसकी सूचना दी और घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की प्रक्रिया शुरू की गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए FSL की टीम को भी बुलाया गया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना के वक्त वह खेत में गाय चरा रही थी। दोपहर करीब 3 बजे संजय यादव वहां पहुंचा और उससे बातचीत करने लगा। आरोप है कि इसके बाद वह उसे बोरिंग वाले खेत की तरफ ले गया। पीड़िता के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपी ने उसके मुंह पर कपड़ा बांध दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
इस मामले में साहेबपुरकमाल थाना में कांड संख्या 247/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर BNS की धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी संजय यादव को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।