
साइबर ठगी के पीड़ित को वापस कराई गई ₹44 हजार की राशि,
शिवहर। साइबर अपराध के खिलाफ शिवहर पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई के तहत साइबर ठगी के एक पीड़ित को ₹44 हजार की राशि वापस कराई गई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी सहयोग से ठगी की रकम को सुरक्षित कर पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराया गया।
पुलिस के अनुसार, 01 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक (साइबर), शिवहर द्वारा साइबर अपराध से संबंधित शिकायत पर कार्रवाई की गई। परसौनी थाना क्षेत्र के भोजगंज गांव निवासी मोतीलाल पासवान ने साइबर ठगी को लेकर NCRP (National Cyber Crime Reporting Portal) पर शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत प्राप्त होने के बाद साइबर पुलिस टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी माध्यम से ठगी की गई राशि का पता लगाया और उसे सुरक्षित कराया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ₹44,000 की पूरी राशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल इसकी शिकायत NCRP पोर्टल या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर करें, ताकि ठगी की रकम को समय रहते सुरक्षित कर वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।