
सोरों पालिका विवाद गहराया: दूसरे दिन भी नहीं टूटा सभासदों का धरना, प्रशासन से वार्ता रही विफल
तीन घंटे चली बैठक भी नहीं निकाल सकी समाधान; बजट बैठक रद्द करने, भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े सभासद
कासगंज। सोरों नगर पालिका परिषद में कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं और बजट बैठक को लेकर शुरू हुआ विवाद लगातार गहराता जा रहा है। विरोध में बैठे सभासदों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। धरना समाप्त कराने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे, अधिशासी अधिकारी तथा एसडीएम हर्षिता देवड़ा ने सभासदों के साथ करीब तीन घंटे तक वार्ता की, लेकिन कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी और बैठक बेनतीजा समाप्त हो गई।
वार्ता विफल होने के बाद सभासदों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
सभासद संघ के अध्यक्ष विष्णुकांत तिवारी ने कहा कि नगर पालिका में लंबे समय से वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आवश्यक है।
सभासद नीतेश पचौरी ने आरोप लगाया कि बोर्ड की बजट बैठक नियमों के विपरीत और असंवैधानिक तरीके से कराई गई, जिससे निर्वाचित सभासदों के अधिकारों का हनन हुआ। उन्होंने मांग की कि उक्त बजट बैठक को तत्काल निरस्त कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
सभासद पवनेश सक्सेना ने कहा कि नगर पालिका का धन जनता की गाढ़ी कमाई है और उसका उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। यदि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या वित्तीय अनियमितता हुई है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
धरनारत सभासदों ने एक स्वर में बजट बैठक निरस्त करने, कथित भ्रष्टाचार में संलिप्त कर्मचारियों की जांच कराने तथा नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग दोहराई। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। #DMKasganj #YogiAdityanath #soron