
I7 NEWS | उत्तराखंड पुलिस का जवान बना चर्चा का विषय! जंतर-मंतर पहुंचकर उतारा बैज, अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी
देहरादून/नई दिल्ली: उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत और कई विवादों में घिरे कांस्टेबल शेर सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के मंच से उत्तराखंड पुलिस का बैज उतारकर आंदोलन में शामिल होने का ऐलान कर दिया, जिसके बाद पुलिस मुख्यालय में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, शेर सिंह मूल रूप से हरिद्वार जनपद के रुड़की स्थित बहादरपुर जट्ट गांव के रहने वाले हैं और वर्ष 2009 बैच के उत्तराखंड पुलिस कांस्टेबल हैं। वह पहले आईजी गढ़वाल के गनर के रूप में भी तैनात रह चुके हैं। हालांकि उनका पुलिस करियर लगातार विवादों और विभागीय कार्रवाई के कारण चर्चा में रहा है।
बताया जाता है कि वर्ष 2025 में ड्यूटी के दौरान लापरवाही के आरोप में उन्हें निलंबित (सस्पेंड) किया गया था। वहीं, सूत्रों के अनुसार करीब 7–8 महीने पहले जमीन के कथित अवैध लेन-देन के मामले में एसटीएफ देहरादून ने उन्हें गिरफ्तार किया था और उन्हें जेल भी जाना पड़ा था।
इसके अलावा हाल ही में पिथौरागढ़ पुलिस लाइन में तैनाती के दौरान एक आरोपी से कथित रूप से रिश्वत लेने के मामले में उनके खिलाफ विभागीय जांच भी चल रही थी।
इसी बीच शेर सिंह ने पुलिस मुख्यालय को ऐच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) और सेवा से इस्तीफे का दावा करते हुए नई दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन में हिस्सा लिया। मंच से उन्होंने शहीद भगत सिंह के विचारों का उल्लेख करते हुए खुद को "बागी" बताया और उत्तराखंड की पटवारी भर्ती, पेपर लीक मामलों तथा सरकारी व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार पर सवाल उठाए।
सबसे अधिक चर्चा तब हुई जब उन्होंने मंच से सार्वजनिक रूप से उत्तराखंड पुलिस का बैज उतारकर CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके को सौंप दिया और आंदोलन में शामिल होने की घोषणा कर दी।
सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम को उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने गंभीरता से लिया है। शेर सिंह के सार्वजनिक आचरण और बयानों को लेकर विभागीय स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया तेज हो गई है। हालांकि, पुलिस मुख्यालय की ओर से अंतिम कार्रवाई को लेकर आधिकारिक आदेश का इंतजार है।
I7 NEWS इस मामले से जुड़ी हर बड़ी अपडेट आप तक सबसे पहले पहुंचाता रहेगा।
#I7News #SherSingh #UttarakhandPolice #JantarMantar #PaperLeak #UttarakhandNews #Dehradun #Pithoragarh #BreakingNews #HindiNews #PoliceNews #ViralNews #CJP #LatestNews #I7NewsLive