
*शिक्षा के लिए कांग्रेस नेता रामनिवास तर्ड की बड़ी पहल, छात्रावास निर्माण में दिए 21 लाख रुपये*
नोखा - (असगर अली)शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय पहल करते हुए कांग्रेस नेता एवं सरपंच रामनिवास तर्ड ने श्रीवीर तेजा जाट छात्रावास, नोखा के नवनिर्माण के लिए 21 लाख रुपये की सहयोग राशि भेंट की।
नोखा में आयोजित छात्रावास के उद्घाटन समारोह के दौरान ग्राम जसरासर के समाजसेवी चौधरी दानाराम तर्ड के पौत्र रामनिवास तर्ड ने यह सहयोग राशि प्रदान की। इस अवसर पर ग्रामीणों एवं समाज के लोगों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि छात्रावास निर्माण में दिया गया यह सहयोग समाज के विद्यार्थियों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।रामनिवास तर्ड ने कहा कि बच्चों की शिक्षा समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं मिलें, इसके लिए हरसंभव सहयोग करना हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में वे सदैव सहयोग के लिए तैयार रहेंगे।
समारोह में मौजूद ग्रामीणों एवं समाज के लोगों ने 21 लाख रुपये की सहयोग राशि देने पर रामनिवास तर्ड का आभार जताया और उनके इस कदम को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।