
कासगंज में बाल श्रम पर प्रशासन का शिकंजा: विशेष अभियान में 5 किशोर श्रमिक मुक्त, प्रतिष्ठान संचालकों पर कार्रवाई
कासगंज। जिलाधिकारी के निर्देश एवं सहायक श्रम आयुक्त के नेतृत्व में जनपद में बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सोरों, सहावर और अमांपुर कस्बों में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जहां से 5 किशोर श्रमिकों को मुक्त कराया गया। साथ ही संबंधित सेवायोजकों के विरुद्ध निरीक्षण टिप्पणी जारी करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।
इस अभियान में श्रम प्रवर्तन अधिकारी शाहिद अली खान, रामवीर सिंह तथा थाना एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। अधिकारियों ने होटल, ढाबों, दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर बाल एवं किशोर श्रमिकों की पहचान की।
अधिकारियों ने व्यापारियों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की कि वे किसी भी बच्चे या किशोर को श्रम में नियोजित न करें। उन्होंने बताया कि बाल श्रम कराना कानूनन दंडनीय अपराध है और ऐसा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान लोगों को बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उनके अधिकारों की रक्षा करने का संदेश भी दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनपद में बाल श्रम के खिलाफ इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।