मुहाना बेतवा पुल पर स्टेयरिंग फेल होने से नदी में गिरने से बाल-बाल बची रोडवेज बस
चिकासी-मुहाना बेतवा नदी पुल पर शुक्रवार को उस समय बड़ा हादसा होते-होते बच गया, जब दिल्ली से महोबा जा रही रोडवेज बस की अचानक स्टीयरिंग फेल हो गयी। चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी की ओर जा पहुंची। बस के नदी में गिरने से पहले ही उसे रोक लिया गया, जिससे उसमें सवार यात्रियों की जान बच गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा- तफरी मच गई। गनीमत रही कि किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है और सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यदि बस कुछ और आगे बढ़ जाती तो वह सीधे बेतवा नदी में गिर सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। घटना ने पुल की सुरक्षा व्यवस्था और यात्री वाहनों की तकनीकी जांच पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।