
#जिलाधिकारी #नितिका खंडेलवाल को "शराब नहीं संस्कार" जनजागरण अभियान के तहत किया गया सम्मानित
#चम्बा (टिहरी गढ़वाल)। चम्बा ब्लॉक सभागार में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में #शराब नहीं संस्कार" जनजागरण अभियान की ओर से #जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल #नितिका खंडेलवाल को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान देकर सम्मानित किया गया।
प्रशस्ति-पत्र में जिलाधिकारी की उस प्रेरणादायी पहल की सराहना की गई, जिसमें उनकी सुपुत्री द्वारा वैदिक मंत्रों का अत्यंत शुद्ध, मधुर एवं भावपूर्ण उच्चारण कर भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपरा एवं संस्कारों के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। अभियान ने इसे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, नैतिक मूल्यों और वैदिक परंपराओं से जोड़ने वाला अनुकरणीय प्रयास बताया।
#इस अवसर पर अभियान के संस्थापक #सुशील बहुगुणा ने कहा कि "समाज को केवल शराब से मुक्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे संस्कारों से जोड़ना उससे भी अधिक आवश्यक है। यदि बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति, नैतिक शिक्षा और अच्छे संस्कार मिलेंगे तो वे स्वतः ही नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहेंगे। हमारा 'शराब नहीं संस्कार' जनजागरण अभियान पूरे उत्तराखंड में नशामुक्त एवं संस्कारित समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी महोदया द्वारा अपनी सुपुत्री को वैदिक परंपरा से जोड़ने का प्रयास प्रत्येक परिवार के लिए प्रेरणादायी है।"
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने कहा कि "नशा समाज और परिवार दोनों के लिए गंभीर चुनौती है। इसके समाधान के लिए केवल कानून नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, पारिवारिक संस्कार और नैतिक शिक्षा भी आवश्यक है। 'शराब नहीं संस्कार' अभियान समाज को सकारात्मक दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। बच्चों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के ऐसे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। प्रशासन समाज सुधार के सकारात्मक अभियानों के साथ सदैव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।"
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक किशोर उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख चम्बा सुमन सजवाण, ज्येष्ठ प्रमुख संजय मैठाणी, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान तथा अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त, संस्कारित एवं सशक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लेकर किया गया।