
कांवड़ यात्रा को लेकर दो जिलों की पुलिस आमने-सामने, सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान पर बनी रणनीति
शाहजहांपुर। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी पुलिस ने संयुक्त रणनीति तैयार की। दोनों जनपदों के अधिकारियों ने अंतरजनपदीय समन्वय बैठक में सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी को लेकर विस्तृत मंथन किया। मोहम्मदपुर ताजपुर चौकी पर आयोजित बैठक में शाहजहांपुर के अपर पुलिस अधीक्षक (नगर), लखीमपुर खीरी के अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदी, क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक पसगवां, मोहम्मदी, उचौलिया, थानाध्यक्ष रोजा, चौकी प्रभारी सुभाष चौक तथा चौकी प्रभारी मोहम्मदपुर ताजपुर सहित दोनों जनपदों के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, यातायात संचालन को सुचारु रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा पुलिस बल की प्रभावी तैनाती पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएंगी। बैठक में संबंधित थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि दोनों जनपदों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखें, कांवड़ मार्ग पर सतत गश्त और निगरानी करें तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
Hardoi, Hardoi | Jul 3, 2026