
#शिमला के चौड़ा मैदान में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 991 ग्राम अफीम और ₹2.12 लाख नकद बरामद, आरोपी गिरफ्तार
शिमला में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल सेल शिमला ने बड़ी सफलता हासिल की है। विश्वसनीय सूचना के आधार पर चौड़ा मैदान स्थित एक मकान में दबिश देकर पुलिस ने 991 ग्राम अफीम, दो इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनें और ₹2,12,000 नकद बरामद किए हैं। इस मामले में चौड़ा मैदान निवासी सुरिन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 10 जुलाई 2026 को गश्त और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर की गई। नियमानुसार तलाशी के दौरान बरामदगी के बाद पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 139/2026 के तहत धारा 18 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जांच में बरामद नकदी और अफीम के स्रोत सहित पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी गिरोह से जुड़ा है या नहीं। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।