
सरकारी जमीन पर बना हिस्ट्रीशीटर लालसिंह का अवैध फार्म हाउस ध्वस्त, 16 आपराधिक मामले हैं दर्ज
#प्रतापगढ़। पुलिस प्रशासन ने नशा तस्करों और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। अरनोद थाना पुलिस और राजस्व टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर लालसिंह (निवासी रीछा) द्वारा सरकारी चरनोट भूमि पर बनाए गए अवैध फार्म हाउस को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बारे में पुलिस ने बताया कि नौगावां-पडूणी मुख्य मार्ग पर स्थित रीछा गांव में सरकारी जमीन पर कब्जा कर यह फार्म हाउस बनाया गया था।
थानाधिकारी शिवलाल मीणा के अनुसार, आरोपी लालसिंह के खिलाफ राजस्थान, हरियाणा और मध्यप्रदेश में जानलेवा हमला, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार और राजकार्य में बाधा जैसे कुल 16 संगीन मामले दर्ज हैं। आरोपी हाल ही में मंदसौर जेल से जमानत पर बाहर आया था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों की अवैध संपत्तियों और कब्जों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।