
सुहेली नदी की डिसिल्टिंग को लेकर विधायक रोमी साहनी सख्त, बोले—अब किसानों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं
18 वर्षों से चली आ रही समस्या के समाधान की पहल तेज, स्टडी टीम बुलाने और डिसिल्टिंग की तैयारी शुरू करने के दिए निर्देश
पलिया कलां, लखीमपुर खीरी। सुहेली नदी की समस्या से परेशान किसानों की मांग को लेकर पलिया विधायक रोमी साहनी ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को विधायक ने अपने पलिया स्थित आवास पर दुधवा के डिप्टी डायरेक्टर, रेंजर, एसडीएम पलिया, तहसीलदार, सीओ पलिया, इंस्पेक्टर पलिया समेत संबंधित अधिकारियों को बुलाकर किसानों की समस्या पर चर्चा की और जल्द से जल्द स्टडी टीम बुलाने के निर्देश दिए।
विधायक रोमी साहनी ने कहा कि सुहेली नदी की समस्या के चलते क्षेत्र के किसान लंबे समय से परेशान हैं। नदी से होने वाले नुकसान के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं और उनका धरना तभी समाप्त होगा, जब सुहेली नदी की डिसिल्टिंग के संबंध में अध्ययन करने वाली टीम मौके पर पहुंचेगी और स्थिति का निरीक्षण करेगी।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि स्टडी टीम के आने की तिथि जल्द निर्धारित की जाए, ताकि किसानों को स्पष्ट जानकारी मिल सके और समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की परेशानी, फसलों को हो रहे नुकसान और क्षेत्र में बाढ़ से होने वाली तबाही को देखते हुए सुहेली नदी की डिसिल्टिंग की तैयारियां अभी से शुरू की जानी चाहिए।
रोमी साहनी ने कहा कि क्षेत्र के किसान और ग्रामीण पिछले करीब 18 वर्षों से इस समस्या का सामना कर रहे हैं। अब जरूरत है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाए, जिससे किसानों और ग्रामीणों को राहत मिल सके।
विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों की समस्याओं की अनदेखी अब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे मामले को प्राथमिकता देते हुए स्टडी टीम के निरीक्षण और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया में तेजी लाएं।
अब क्षेत्रीय किसानों की निगाहें स्टडी टीम के आगमन और सुहेली नदी की डिसिल्टिंग को लेकर होने वाली अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
#highlightseveryone #paliakalankheri #LakhimpurKheri #followers #नीमगाँव