
25 जून को आयोजित होगा युवा संगम कार्यक्रम
रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसरों से जुड़ेंगे युवा
शिवपुरी- मध्यप्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग तथा कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के निर्देशन में युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम का आयोजन 25 जून को किया जाएगा।
जिला स्तर पर आयोजित यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से श्रीकृष्ण महाविद्यालय, बदरवास में संपन्न होगा। कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा विभाग, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग तथा कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के समन्वय से किया जा रहा है।
युवा संगम कार्यक्रम में प्रदेश की विभिन्न निजी क्षेत्र की कंपनियां भाग लेंगी। कार्यक्रम स्थल पर साक्षात्कार के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में ऐसे विभाग भी शामिल होंगे जिनके माध्यम से स्वरोजगार एवं हितग्राहीमूलक योजनाएं संचालित की जाती हैं। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ वितरण भी किया जाएगा तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिले के महाविद्यालयों, आईटीआई संस्थानों, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के आजीविका केंद्रों, जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के माध्यम से युवाओं को कार्यक्रम में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।