
35 हजार की रिश्वत लेते पुलिस कर्मी को एंटी करप्शन टीम ने किया गिरफ्तार
शाहजहांपुर जनपद के जैतीपुर थाना क्षेत्र में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पुलिसकर्मी को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार पुलिसकर्मी थाना प्रभारी के हमराही के रूप में तैनात बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, एंटी करप्शन टीम को रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी सिपाही को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया गया।
जांच के नाम पर घूस:
बरेली निवासी सुधांशु कुमार शर्मा पर एक केस दर्ज है। इसकी विवेचना चल रही है। सिपाही विवेक कुमार ने विवेचक के नाम पर सुधांशु कुमार शर्मा से 35 हजार रुपये की घूस मांगी। सुधांशु शर्मा ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन में कर दी। एंटी करप्शन ने शिकायत का सत्यापन कराया। इसके बाद आरोपी सिपाही को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी प्रवीण सान्यालय ने शिकायतकर्ता सुधांशु कुमार शर्मा को रिश्वत के रुपये लेकर थाने भेजा और इसके बाद वहां दबिश देकर आरोपी सिपाही को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सिपाही के खिलाफ एफआईआर:
रंगे हाथ रिश्वत लेते पकड़े गए आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। शाहजहांपुर के थाना गढ़िया रंगीन में ये कार्रवाई जारी है। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी प्रवीण सान्याल ने जोर देकर कहा कि शासन की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई चल रही है। अगर कोई सरकारी कर्मचारी-अधिकारी रिश्वत की मांग करता है तो एंटी करप्शन टीम को इसकी सूचना दें।
Hardoi, Hardoi | Jun 12, 2026