
सूने मकान से लाखों की चोरी का खुलासा, 2 शातिर चोर गिरफ्तार
उदयपुर | लेकसिटी न्यूज
उदयपुर के सविना थाना पुलिस ने सूने मकान में लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और सीसीटीवी डीवीआर चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार आरके पुरम स्थित गोकुल विलेज निवासी रवि गौराणा परिवार सहित चंडीगढ़ गए हुए थे। 19 जून को पड़ोसियों ने घर में चोरी की सूचना दी। घर लौटने पर ताले टूटे मिले और करीब 16-17 तोला सोना, 250 ग्राम चांदी के आभूषण, लगभग 1 लाख रुपये नकद, सीसीटीवी डीवीआर और वाई-फाई डोंगल चोरी होना पाया गया। इस पर सविना थाने में मामला दर्ज किया गया।
एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा एवं वृताधिकारी छवि शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी गजवीर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
लक्की नाथ (18) निवासी रामनगर भुवाणा, थाना सुखेर।
लोकेश उर्फ भोड़ा (20) निवासी इंद्रा कॉलोनी, थाना गोवर्धन विलास।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया, जिसके दौरान चोरी किए गए सोने के जेवरात बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार लक्की नाथ के खिलाफ चोरी और नकबजनी के 3 मामले, जबकि लोकेश उर्फ भोड़ा के खिलाफ चोरी, नकबजनी, मारपीट और हत्या के प्रयास सहित 12 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस टीम:
थानाधिकारी गजवीर सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक लादूराम जाट, हेड कांस्टेबल समुद्र सिंह, कृष्णप्रताप सिंह, हितेंद्र सिंह तथा कांस्टेबल मांगीलाल, छगनलाल, जिगनेश गुर्जर, राजेंद्र प्रसाद और साइबर सेल के लोकेश रायकवाल की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।