
फतेहगढ़ के ट्यूबवेल पर खत्म हो गया पूरा परिवार, चार शव मिलने से दहला इलाका; पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
फलोदी/देचू। देचू थाना क्षेत्र के फतेहगढ़ स्थित एक कृषि ट्यूबवेल पर मंगलवार सुबह एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में किसान, उसकी पत्नी और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पत्नी और बच्चों की हत्या के बाद किसान द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका है, हालांकि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मृतक परिवार मूल रूप से पाली जिले के रोहिट क्षेत्र के बिट्टू गांव का रहने वाला था। परिवार पिछले करीब चार वर्षों से फतेहगढ़ क्षेत्र में स्थित एक ट्यूबवेल पर खेती-किसानी कर रहा था। मंगलवार सुबह महिला और दोनों बच्चों के शव चारपाई पर पड़े मिले, जबकि गेनाराम का शव पास में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
मृतकों की पहचान गेनाराम पटेल (35), उनकी पत्नी पुष्पा (32), पुत्री खुशबू (13) और पुत्र किशन (11) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर देचू थानाधिकारी विक्रम सिंह चारण, फलोदी पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह तथा वृताधिकारी भवानी सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल टीम की सहायता से साक्ष्य जुटाए और चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल देचू की मोर्चरी में भिजवाया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गेनाराम ने पहले पत्नी और दोनों बच्चों का गला दबाकर उनकी हत्या की और इसके बाद स्वयं फंदे से लटक गया। वहीं, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पत्नी की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी, जिससे गेनाराम परेशान बताया जा रहा था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस पारिवारिक, आर्थिक और अन्य सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है।