
गौशाला में पेयजल पाइपलाइन कार्य शुरू करवाने की मांग, उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
नोहर, 4 जून। श्री गौशाला नोहर की ओर से उपखंड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपकर गौशाला बिहड़ में गोहितार्थ डाली जा रही पेयजल पाइपलाइन के कार्य को निर्बाध रूप से शुरू करवाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि नगर पालिका नोहर द्वारा रामपुरा पट्टी स्थित गौशाला एवं नंदीशाला तक पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना से गौमाताओं के लिए पेयजल एवं चारे की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी। इसके लिए नगर पालिका और गौशाला के बीच हुए एमओयू के तहत लगभग 5 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है।
गौशाला प्रबंधन ने बताया कि पाइपलाइन के लिए भगवान महावीर पार्क के पास स्थित गिनाणी में मोटर लगाकर पानी उठाने की व्यवस्था प्रस्तावित है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से इस कार्य का विरोध किया जा रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि कार्य बीच में रुकता है तो नगर पालिका एवं गौशाला को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान हो सकता है, वहीं गौशाला तक पेयजल पहुंचाने की योजना भी प्रभावित होगी।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि आगामी मानसून के दौरान नोहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की संभावना रहती है। ऐसे में इन क्षेत्रों का पानी मोटरों के माध्यम से उठाकर गौशाला बिहड़ तक पहुंचाने की योजना है, जिससे जलनिकासी की समस्या के समाधान के साथ-साथ गौशाला को भी पानी उपलब्ध हो सकेगा। गौशाला समिति ने उपखंड अधिकारी से मांग की है कि जनहित एवं गोसेवा को ध्यान में रखते हुए उक्त कार्य को शीघ्र एवं निर्बाध रूप से शुरू करवाया जाए, ताकि भीषण गर्मी के दौरान गौमाताओं को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके। ज्ञापन पर गौशाला अध्यक्ष राजेंद्र थिरनी एवं सचिव आनंद कंदोई के हस्ताक्षर हैं।