शहरी सेवा शिविर 2026 का , पट्टों के साथ पौधों का वितरण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
नोहर। नगरपालिका नोहर में शुक्रवार को शहरी सेवा शिविर 2026 का शुभारंभ किया गया। शिविर के दौरान नागरिकों को विभिन्न नगर पालिका सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं।
इस अवसर पर नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी गिरिराज रत्नु ने एक सराहनीय नवाचार करते हुए पात्र नागरिकों को पट्टों का वितरण किया। साथ ही प्रत्येक पट्टाधारी को एक-एक पौधा भी भेंट किया गया। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित करना रहा।
अधिशाषी अधिकारी रत्नु ने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। पौधे न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण का निर्माण भी करते हैं। उन्होंने नागरिकों से पौधों की देखभाल करने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया।
शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और नगरपालिका द्वारा दी जा रही विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया। उपस्थित लोगों ने पट्टों के साथ पौधे वितरण की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।