
बिहार सरकार
समाहरणालय, अरवल
(जिला जन सम्पर्क कार्यालय)
संख्या-383/2026
Email Id: arwaldpro@gmail.com
प्रेस विज्ञप्ति
अरवल, दिनांक 06 जून, 2026
अरवल जिले में एकमात्र डिग्री कॉलेज के संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में, 01 जुलाई से प्रारंभ होगा शैक्षणिक सत्र
अरवल जिले में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में जिले के एकमात्र डिग्री कॉलेज के संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिला पदाधिकारी, अरवल श्रीमती अमृषा बैंस ने उप विकास आयुक्त श्री शैलेश कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) श्री दीपक कुमार सिन्हा, नजारत उपसमाहर्ता श्री ऋषिकेश तिवारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ सोनभद्र बंशी सूर्यपुर प्रखंड अंतर्गत खड़ासीन स्थित चिन्हित भवन का स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा बताया गया कि राजकीय डिग्री महाविद्यालय, बंशी का संचालन आगामी 01 जुलाई, 2026 से प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित है। महाविद्यालय के स्थायी भवन के निर्माण तक इसके अस्थायी संचालन हेतु उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, खड़ासीन (बंशी) के नवनिर्मित तीन मंजिला भवन को चिन्हित किया गया है। इसी भवन से महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने भवन एवं परिसर का विस्तृत निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि 01 जुलाई, 2026 से पूर्व भवन की रंगाई-पुताई, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं से संबंधित सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि निर्धारित समय पर महाविद्यालय का संचालन निर्बाध रूप से प्रारंभ किया जा सके।
उन्होंने महाविद्यालय परिसर के समुचित विकास, चहारदीवारी निर्माण, आंतरिक सड़क, जल निकासी एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास हेतु विस्तृत प्राक्कलन तैयार कर संबंधित विभाग को शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही अंचलाधिकारी, बंशी को निर्देशित किया गया कि महाविद्यालय हेतु चिन्हित भूमि का सीमांकन तीन कार्यदिवस के भीतर सुनिश्चित किया जाए, जिससे भविष्य में महाविद्यालय के स्थायी विकास एवं निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले में डिग्री कॉलेज का संचालन प्रारंभ होने से स्थानीय छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए अन्य जिलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे विशेष रूप से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा तथा जिले में उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा।
निरीक्षण के दौरान डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ज्योतिष कुमार, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, खड़ासीन के प्रधानाध्यापक सहित शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी
अरवल
Arwal, Bihar | Jun 6, 2026