
मोकामा में मानवता शर्मसार: मेहनत की कमाई पर चोरों का हाथ, झाड़ू-पोछा करने वाली महिला के घर से सोने-चांदी समेत नकदी साफ
मोकामा (पटना): मोकामा थाना क्षेत्र के शिवनार गाँव (वार्ड संख्या 6) से एक बेहद ही भावुक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक गरीब और असहाय महिला, जो दूसरों के घरों में झाड़ू-पोछा कर अपना जीवन बसर करती है, चोरों ने उसी की खून-पसीने की कमाई पर हाथ साफ कर दिया। देर रात चोरों ने महिला के घर में घुसकर गोदरेज का ताला तोड़ा और उसमें रखे करीब 2 भर सोने के आभूषण, कुछ चांदी के गहने और 6 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। इस घटना के बाद से पीड़ित महिला काजल कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है।
रात 2 बजे के आसपास हुई वारदात
पीड़ित महिला काजल कुमारी ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह रोज की तरह रात करीब 12 बजे तक सिलाई का काम कर रही थीं, जिसके बाद वह सोने चली गईं। सुबह जब वह हमेशा की तरह 4 बजे उठीं, तो घर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। गोदरेज का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखी सारी जमापूंजी गायब थी। काजल कुमारी के अनुसार, चोरों ने इस वारदात को रात के करीब 2 बजे के आसपास अंजाम दिया है, जब पूरा इलाका गहरी नींद में सोया हुआ था।
"मेहनत का पैसा था, कोई लूटा हुआ नहीं... मुझे न्याय चाहिए"
रोते-बिलखते हुए काजल कुमारी ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने भरे गले से कहा,
"हमें न्याय चाहिए। जिसने भी चोरी की है, उसे जेल की सलाखों के पीछे होना चाहिए। यह जो पैसा और गहने चोर लेकर गए हैं, वह मेरी दिन-रात की कड़ी मेहनत की कमाई थी, कोई लूटा हुआ पैसा नहीं था। एक-एक पाई जोड़कर मैंने यह सब बनाया था।"
दूसरों के घरों में झाड़ू-पोछा और सिलाई कर पेट पालने वाली महिला के घर हुई इस बड़ी चोरी से स्थानीय ग्रामीणों में भी काफी आक्रोश है। घटना की सूचना मोकामा थाना पुलिस को दे दी गई है। पीड़ित महिला और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की त्वरित जांच कर चोरों को गिरफ्तार किया जाए और गरीब महिला की गाढ़ी कमाई को वापस दिलाया जाए।
#Mokama #शिवनार #BiharPolice
Mokameh, Patna | Jun 12, 2026