
'हारमनी ऑफ द पाइन्स' बैंड के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार सस्पेंड,फेसबुक कमाई मामले में विभागीय जांच शुरू
हिमाचल प्रदेश पुलिस के देश-दुनिया में चर्चित 'हारमनी ऑफ द पाइन्स' बैंड के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं। मामले की जांच पुलिस लाइन भराड़ी के डीएसपी कमल किशोर को सौंपी गई है, जिन्हें तीन माह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
मामला फेसबुक से हुई आय से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर विजय कुमार को फेसबुक से एक माह में लगभग छह हजार रुपये की कमाई हुई थी। इसी संबंध में उन्हें पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में उनसे पूछा गया था कि निजी म्यूजिक एल्बम के निर्माण, प्रकाशन और प्रचार-प्रसार के लिए क्या उन्होंने विभाग से पूर्व अनुमति ली थी या नहीं।
इंस्पेक्टर विजय कुमार के फेसबुक पर करीब 59 हजार फॉलोअर्स हैं। हाल ही में उनका एक भजन भी रिलीज हुआ था, जिसमें उन्होंने गायक और अभिनेता की भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, वह अपनी टीम के साथ एक निजी टीवी चैनल के रियलिटी शो 'हुनरबाज' के फाइनलिस्ट भी रह चुके हैं। उनकी टीम का नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है। वहीं, हिमाचल प्रदेश पुलिस ऑर्केस्ट्रा नामक फेसबुक पेज पर करीब 89 हजार फॉलोअर्स हैं।
फिलहाल विभागीय जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
#UTHimachal #UniqueTodayNews #HimachalPolice #HarmonyOfThePines #Shimla #BreakingNews #HimachalPradesh