
पंचकूला में अब हर ऑटो और ई-रिक्शा की होगी यूनिक पहचान: यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने शुरु कराया अभियान
यूनिक स्टीकर पर वाहन का पंजीकरण नंबर, चालक का आईडी कोड, निर्धारित रूट अथवा जोन तथा विभागीय नंबर लिखा होगा
वाहन के सत्यापन और पंजीकरण का प्रमाण भी यूनिक स्टिकर से होगा, जिससे बिना सत्यापन वाले अथवा अवैध रूप से संचालित वाहनों की पहचान होगी आसान
पुलिस ने आज ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को इस विशेष अभियान के बारे में जागरूक किया तथा मौके पर ही वाहनों की सत्यापन प्रक्रिया भी शुरू की
पंचकूला/ 15 जुलाई:- सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में पंचकूला पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिले में संचालित सभी ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा के व्यापक सत्यापन एवं विभागीय यूनिक पहचान स्टिकर लगाने का विशेष अभियान आज से शुरू कर दिया है। इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करना, अवैध रूप से संचालित वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में वाहन एवं चालक की तत्काल पहचान सुनिश्चित करना तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाना है। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो इसकी नियमित निगरानी करेंगे।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने बताया कि आज से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत पंचकूला में संचालित प्रत्येक ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा का चरणबद्ध तरीके से सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के बाद प्रत्येक वाहन को विभाग की ओर से एक विशेष यूनिक पहचान स्टिकर जारी किया जाएगा, जिससे प्रत्येक वाहन की अलग और स्पष्ट पहचान सुनिश्चित हो सकेगी। इस पहल से न केवल यात्रियों का विश्वास बढ़ेगा बल्कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में भी पुलिस को बड़ी सहायता मिलेगी।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि अभियान के तहत जिले में पंजीकृत सभी ऑटो रिक्शा एवं ई-रिक्शा का रिकॉर्ड प्राप्त कर प्रत्येक वाहन का विस्तृत सत्यापन किया जाएगा। इसके आधार पर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी पंजीकृत वाहन निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं। सत्यापन के उपरांत प्रत्येक वाहन पर विशेष विभागीय यूनिक पहचान स्टिकर लगाया जाएगा, जिस पर वाहन का पंजीकरण नंबर, चालक का आईडी कोड, निर्धारित रूट अथवा जोन तथा विभागीय यूनिक स्टिकर नंबर अंकित होगा। यह स्टिकर वाहन के आगे और पीछे स्पष्ट रूप से लगाया जाएगा, ताकि पुलिस, प्रशासन और आम नागरिक आवश्यकता पड़ने पर आसानी से वाहन की पहचान कर सकें। यह यूनिक स्टिकर वाहन के सत्यापन और पंजीकरण का प्रमाण भी होगा, जिससे बिना सत्यापन वाले अथवा अवैध रूप से संचालित वाहनों की पहचान करना आसान होगा। अभियान के दौरान प्रतिदिन सत्यापित वाहनों की संख्या, लगाए गए स्टिकरों तथा अन्य प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट भी कार्यालय को भेजी जाएगी।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने आगे बताया कि अभियान के पहले दिन ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को इस विशेष अभियान के बारे में जागरूक किया तथा मौके पर ही वाहनों की सत्यापन प्रक्रिया भी शुरू कर दी। अभियान को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा ताकि जिले में संचालित प्रत्येक ऑटो और ई-रिक्शा इस प्रक्रिया के दायरे में आ सके।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन का मानना है कि यह विशेष अभियान सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इससे अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक मजबूती मिलेगी।
पंचकूला पुलिस ने सभी ऑटो और ई-रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे इस विशेष सत्यापन अभियान में पूर्ण सहयोग करें तथा समय पर अपने वाहनों का सत्यापन कराकर विभागीय यूनिक पहचान स्टिकर अवश्य प्राप्त करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia