
अर्की में निर्माण स्थल से 46 शटरिंग प्लेटें चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर
अर्की (सोलन):
अर्की पुलिस ने निर्माण कार्य स्थल से लोहे की शटरिंग प्लेटें चुराने के मामले को सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई शटरिंग प्लेटें भी बरामद कर ली हैं। अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार शिमला निवासी आशीष कौशल ने पुलिस थाना अर्की में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह ठेकेदारी का कार्य करते हैं। अर्की-शालाघाट मार्ग पर उनकी ब्रेस्ट वॉल (सुरक्षा दीवार) का निर्माण कार्य चल रहा था, जहां उन्होंने लोहे की शटरिंग प्लेटें लगाई हुई थीं। 15 सितंबर को अज्ञात व्यक्तियों ने वहां से करीब 50,000 रुपये मूल्य की 46 शटरिंग प्लेटें चुरा लीं। ठेकेदार ने अपने स्तर पर भी सामान की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस में दी गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान अमर देव (45) पुत्र बाबू राम, निवासी गांव छामला, डाकघर नवगांव, तहसील अर्की के रूप में हुई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को अर्की से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई 46 शटरिंग प्लेटें बरामद कर ली गई हैं। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है और मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
Himachal Pradesh, India | Sep 30, 2026