
स्कूल प्रताडना से तंग आकर गांव ठम्बा के 14 वर्षीय छात्र ने दी जान , पिता की शिकायत पर DCS लोअर सुनेहत स्कूल स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज
#timesofhimachal
Ashish Sharma
खुंडिया थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय छात्र की संदिग्ध आत्महत्या के मामले में पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक छात्र के पिता, जो भारतीय सेना में सूबेदार हैं, ने आरोप लगाया है कि स्कूल के प्रबंध निदेशक (एमडी), प्रिंसिपल, होस्टल वार्डन और बस चालक द्वारा लगातार मानसिक व शारीरिक प्रताडना दिए जाने के कारण उनके बेटे ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। पुलिस के अनुसार प्रदीप कुमार निवासी गांव ठम्बा तहसील खुंडियां ने शिकायत में बताया कि उन्होंने वर्ष 2025 में अपने इकलौते बेटे कबीर राणा का दाखिला DCS लोअर सुनेहत स्कूल की नौवीं कक्षा में करवाया था। साथ ही उसे स्कूल के होस्टल में भी रखा गया था। पिछले कुछ समय से कबीर लगातार होस्टल में नहीं रहने की बात कह रहा था। उसने परिवार को बताया था कि होस्टल स्टाफ उसे डंडों से मारता-पीटता था और मानसिक रूप से परेशान करता था। यहां तक कि नया डंडा आने पर उसकी "टेस्टिंग" उसी पर करने की बात कहकर उसे पीटा जाता था। शिकायत के अनुसार 4 जुलाई को जब प्रदीप कुमार बेटे को स्कूल से लेने पहुंचे तो एक शिक्षक ने कथित तौर पर कहा कि कम अंक आने पर बच्चे आत्महत्या तक कर लेते हैं। पिता का आरोप है कि उसी दिन स्कूल बस चालक ने कबीर को होस्टल का सामान लाने के लिए कुछ पैसे दिए थे, जिनमें से उसने 10 रुपये की आइसक्रीम खरीद ली। इस बात पर बस चालक ने उसे डांटा और पीटा तथा इसकी शिकायत प्रिंसिपल, एमडी और होस्टल वार्डन से कर दी। आरोप है कि इसके बाद तीनों ने भी कबीर को डंडों और थप्पड़ों से पीटा।
पिता ने बताया कि घर लौटने के बाद उनका बेटा बेहद परेशान था। उन्होंने उसे समझाया कि सोमवार को स्कूल जाकर इस संबंध में प्रबंधन से बात करेंगे। लेकिन शाम को जब वह खेत में काम करने गए थे, तभी घर से पत्नी के रोने की आवाज सुनाई दी। घर पहुंचने पर देखा कि कबीर कमरे में सीलिंग फैन से चादर के सहारे लटका हुआ था। परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल खुंडियां ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में पोस्टमार्टम के लिए शव को सिविल अस्पताल देहरा भेजा गया।
पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर DCS लोअर सुनेहत के एमडी, प्रिंसिपल गुंजन, होस्टल वार्डन और बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई राकेश शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।