
एसआईआर में एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम नहीं कटेगा : रवि कुमार,मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ।
देवघर:–झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के.रवि कुमार दो दिवसीय संथाल परगना दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन उन्होंने देवघर जिले के मधुपुर प्रखंड में बीएलओ ,बीएलओ सुपरवाइजरों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं काटा जाएगा। उन्होंने बताया कि केवल पांच श्रेणियों—अनुपस्थित (Absent), स्थानांतरित (Shifted), मृत (Death), डुप्लीकेट (Duplicate) एवं गैर भारतीय (Non-Indian) मतदाताओं का नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जिन मतदाताओं का पूर्व की मतदाता सूची से मिलान हुआ है अथवा नहीं हुआ है, यदि वे इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा करते हैं तो उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में प्रकाशित होगा। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि 30 जून से घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करते समय मतदाताओं का पूर्व मतदाता सूची से मिलान सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता न पड़े।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मैपिंग और इन्यूमरेशन के दौरान मतदाताओं से किसी प्रकार का दस्तावेज नहीं लिया जाएगा।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त देवघर सौरभ कुमार भुवानिया, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर राजीव कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल सहित संबंधित अधिकारी, बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
#Deoghar #Madhupur #ElectionCommission #SIR #KRaviKumar