
अतरौली पुलिस ने इनामी बदमाश को भेजा सलाखों के पीछे
• आधा दर्जन से अधिक मुकदमों में वांछित आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
अतरौली। थाना अतरौली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक हरदोई द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, थाना अतरौली में 12 जून 2026 को मु.अ.सं. 189/2026, धारा 3(1) गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत इरफान पुत्र अल्ताफ समेत आठ नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध आर्थिक एवं भौतिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से संगठित समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने का मुकदमा दर्ज किया गया था।
शनिवार को थाना अतरौली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के वांछित एवं 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त इरफान पुत्र अल्ताफ, निवासी ग्राम तेतारपुर, थाना शुक्ल बाजार, जनपद अमेठी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को जेल भेजा जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध हरदोई, उन्नाव और कौशाम्बी जनपदों के विभिन्न थानों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी सहित कई गंभीर धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना अतरौली पुलिस टीम के वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक ज्ञान सिंह, हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र प्रताप सिंह तथा कांस्टेबल शिवम कुमार रहे।
Sadar, Lucknow | Jul 11, 2026