
ख़बर:
चित्तौड़गढ़ में वाहन चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~
चित्तौड़गढ़। पुलिस थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ ने वाहन चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए मोटरसाइकिल चोरी करने वाले आरोपी और चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वाले आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को प्रतापनगर के रहने वाले अजय कुमार ने थाने में रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी मोटरसाइकिल सुपर एक्सएल प्लेजर रजि. नं. RJ 09 RS 0421 को उसने 11 सितंबर की सुबह करीब 10:50 बजे पन्ना पर्ल हॉस्पिटल के सामने खड़ी की थी। हॉस्पिटल से करीब आधा घंटे बाद वापस आने पर मोटरसाइकिल नहीं मिली। अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल को चोरी कर ले गए। रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
जिसके बाद पुलिस ने शहर में लगे सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्य, साइबर सेल एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस का उपयोग कर चोरी गई मोटरसाइकिल की घटना का खुलासा किया। पुलिस ने कच्ची बस्ती गांधी नगर, निवासी 26 साल के आरोपी सद्दीक मोहम्मद उर्फ भयू को डिटेन कर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान सद्दीक उर्फ भयू ने प्रकरण की मोटरसाइकिल व अन्य दो मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। उसने चोरी की तीनों मोटरसाइकिलें नई आबादी हॉस्पिटल के पास, पुठोली निवासी अभिषेक दमामी को बेचना बताया।
इसके बाद पुलिस ने अभिषेक दमामी को डिटेन कर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर उसके कब्जे से कुल तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया।