
सीड बॉल अभियान से पर्यावरण संरक्षण की अलख, युवाओं ने लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प
#rajsamandnews
केलवा। प्रकृति संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से माय भारत राजसमंद के निर्देशन में स्वच्छ केलवा हरित केलवा एवं स्वामी विवेकानन्द युवा मंडल द्वारा रविवार को सीड बॉल निर्माण अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में युवा, छात्र-छात्राएँ, महिला सदस्य, स्वयंसेवक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर बड़ी संख्या में सीड बॉल तैयार किए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक बीजों को प्रकृति की गोद तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
अभियान के अंतर्गत मिट्टी में गोबर एवं प्राकृतिक खाद मिलाकर उसमें नीम, जामुन, बबूल, करंज, शीशम, अमलतास तथा अन्य स्थानीय प्रजातियों के बीज डालकर सीड बॉल तैयार किए गए। इन सीड बॉल को छायादार स्थान पर सुखाया जाएगा तथा वर्षा के दौरान पहाड़ियों, बंजर भूमि, चारागाहों, जंगलों के किनारों एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर फैलाया जाएगा, जिससे प्राकृतिक रूप से पौधों का अंकुरण हो सके।
अध्यक्ष लालू राम सिंधल ने बताया कि स्वच्छ केलवा हरित केलवा द्वारा सीड बॉल अभियान पिछले 7 वर्षों से लगातार संचालित किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष वर्षा ऋतु से पूर्व हजारों सीड बॉल तैयार कर उन्हें पहाड़ियों, बंजर भूमि, चारागाहों एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर फैलाया जाता है, जिससे स्थानीय प्रजातियों के वृक्षों का प्राकृतिक रूप से विकास हो सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, घटते वन क्षेत्र एवं भूजल स्तर में गिरावट हम सभी के लिए गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे में केवल सरकार के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। सीड बॉल अभियान कम लागत, कम संसाधनों और अधिक प्रभाव वाला ऐसा प्रयास है, जिससे हजारों नए पौधों के विकसित होने की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने परिवार और बच्चों को भी इस अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक सीड बॉल तैयार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक मीना रजक ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल सीड बॉल बनाना नहीं, बल्कि लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करना है। विद्यालयों, महिला समूहों और युवा संगठनों को इस अभियान से जोड़कर इसे जनभागीदारी का स्वरूप दिया जा रहा है।सह संयोजक ज्योति महात्मा ने बताया कि यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्षा ऋतु में कुछ सीड बॉल भी प्राकृतिक स्थानों पर डाले, तो आने वाले वर्षों में हजारों नए वृक्ष तैयार हो सकते हैं।
अभियान का उद्देश्य केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि जन-जन में पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित कर स्वच्छ, हरित और समृद्ध भविष्य का निर्माण करना है।
इस दौरान सिड बोल अभियान संयोजक मीना रजक सहसंयोजक ज्योति महात्मा जसोदा पिंकी नीलम शाइना नंदू खुशी काव्य ईशानी ख्वाहिश आदि सहयोग कर रहे हैं ।