
अवैध हथियार के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देसी पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस बरामद
अजमेर। पुलिस थाना मिनाया की टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कार से देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और करीब एक लाख रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम को 18 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में दो व्यक्ति अवैध हथियार लेकर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर संदिग्ध कार RJ-14-XC-9561 को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार में सवार जितेन्द्र सिंह (30), निवासी खोलपुरा, थाना कोटड़ी, जिला भीलवाड़ा के कब्जे से एक देसी पिस्टल बरामद हुई, जिसमें मैगजीन लगी थी। पिस्टल के साथ चार जिंदा कारतूस भी मिले। कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड के अंदर से करीब एक लाख रुपये की नकदी भी बरामद की गई।
पुलिस ने दूसरे आरोपी भैंस सिंह (23), निवासी देवड़िया, थाना मांडल, जिला भीलवाड़ा को भी गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में हेड कांस्टेबल नवल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में आरोपियों से अवैध हथियार के स्रोत और उनके इस्तेमाल को लेकर पूछताछ की जा रही है। Ajmer Police Rajasthan
Ajmer, Ajmer | Aug 19, 2026