उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) की परीक्षा में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) श्रीनगर की दो पूर्व छात्राओं ने शानदार सफलता हासिल कर विद्यालय और पूरे श्रीनगर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय की प्रधानाचार्या मीना गैरोला ने बताया कि पूर्व छात्रा कोमल आर्या का चयन राज्य कर अधिकारी (स्टेट टैक्स ऑफिसर) पद पर हुआ है, जबकि पिंकी मंगलवाड़ ने सहायक आयुक्त, राज्य कर विभाग के प्रतिष्ठित पद पर सफलता प्राप्त की है। दोनों छात्राओं की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्या, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।