
रिवीलगंज में खूनी वारदात: पैसे के विवाद में भाई बना बहन का हत्यारा, नाबालिग निरुद्ध
छपरा/रिवीलगंज (सारण): रिवीलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जिगना में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पूर्व के पैसे के विवाद को लेकर एक भाई ने अपनी ही सगी बहन की चाकू मारकर हत्या कर दी।
सारण पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति (12.07.2026) के अनुसार, आज दोपहर लगभग 01:00 बजे रिवीलगंज थाना को सूचना मिली कि जिगना गांव में एक युवती की हत्या कर दी गई है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रिवीलगंज ने त्वरित कार्रवाई करते हुए FSL टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक निरीक्षण किया। साक्ष्यों का संकलन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेजा गया।
पीड़िता के परिजन के फर्दबयान के आधार पर रिवीलगंज थाना कांड संख्या- 423/26, दिनांक-12.07.2026, धारा-103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1 ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का निर्देश दिया।
इसी क्रम में मानवीय आसूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर इस हत्याकांड में संलिप्त मुख्य विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध कर लिया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। मामले में अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
#SaranPolice #Chapra #Rivilganj
Chapra, Saran | Jul 12, 2026