
#Balrampur ! धारा 34 पर वार्ता को तैयार प्रशासन, बिना बात किए लौटे अधिवक्ता...
डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन बोले— संवाद से ही निकलेगा समाधान, अधिवक्ताओं का पक्ष सुनने को प्रशासन तत्पर...
#बलरामपुर। धारा 34 से संबंधित प्रकरण को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे अधिवक्ता बिना वार्ता किए वापस लौट गए। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने बताया कि अधिवक्ताओं के पहुंचने की जानकारी मिलते ही वह स्वयं उनका पक्ष सुनने और सकारात्मक वार्ता करने के लिए अपने कक्ष से बाहर आए थे, लेकिन अधिवक्ताओं ने बातचीत नहीं की।
डीएम ने कहा कि किसी भी विधिक अथवा प्रशासनिक प्रकरण का समाधान आपसी संवाद और समन्वय से ही संभव है। जिला प्रशासन अधिवक्ताओं के साथ सम्मानजनक माहौल में वार्ता करने और धारा 34 से जुड़े मामले का नियमानुसार समाधान निकालने के लिए तैयार है। बिना बातचीत किए लौटने से समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने का अवसर नहीं मिल पाता।
उन्होंने 17 अक्टूबर की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि उस दिन अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया था, जबकि वह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत तहसील तुलसीपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनशिकायतों की सुनवाई कर रहे थे। इससे पहले ज्ञापन देने के लिए अधिवक्ताओं के आने की कोई पूर्व सूचना भी उन्हें नहीं मिली थी। उस समय वह समेकित दिव्यांग विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के लिए निकल चुके थे, जहां दिव्यांग बच्चे दोपहर 12 बजे से उनकी प्रतीक्षा कर रहे थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की मंशा किसी पक्ष की बात अनसुनी करने की नहीं है। अधिवक्ता जब भी वार्ता के लिए आएंगे, उनका पक्ष गंभीरता से सुना जाएगा और तथ्यों व विधिक प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिवक्ताओं से अपील की कि विरोध-प्रदर्शन के बजाय संवाद और समन्वय को प्राथमिकता दें, ताकि मामले का उचित समाधान निकाला जा सके।
#dmbalrampur #DMBalrampur