
#BigBreaking महमूदाबाद पुलिस ने किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, हत्यारोपी गिरफ्तार
सीतापुर (उत्तर प्रदेश)। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महमूदाबाद पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने महज कुछ ही दिनों के भीतर सनसनीखेज हत्याकांड का सफल अनावरण करते हुए मुख्य अभियुक्त को आला कत्ल (चाकू) के साथ गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम मलेथू के पास से संदिग्ध प्रकाश (55 वर्ष) पुत्र होली, निवासी ममरखापुर (थाना रामपुरकलाँ) को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्त ने चौंकाने वाला खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त प्रकाश अपने मौसेरे भाई पप्पू और प्रेम को झूठे मर्डर केस में फंसाकर जेल भिजवाना चाहता था। इसके लिए उसने एक खौफनाक साजिश रची। वह लखनऊ में अपने साथ मजदूरी करने वाले सीधे-साधे साथी सुखराम (निवासी मछरेटा) को बहला-फुसलाकर महमूदाबाद लेकर आया। बीती 24 जून की रात मोलहेपुर गाँव के पास अभियुक्त ने सुखराम को अत्यधिक शराब पिलाई और जब वह सो गया, तो चाकू से गला रेतकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। प्रकाश इस हत्या का इल्जाम अपने विरोधियों पर मढ़ना चाहता था।
पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर झाड़ियों से हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू और ₹760/- नगद बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने 'ई-साक्ष्य' ऐप के माध्यम से डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित करते हुए कानूनी औपचारिकताएं पूरी की हैं और अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। गिरफ्तार करने वाली टीम में निरीक्षक (अपराध) अक्षय कुमार सिंह, हे0का0 बेगवान सिंह, का0 दीपक गुर्जर व का0 बृजेश कुमार पाण्डेय शामिल रहे। #SitapurPolice #Mahmudabad #MurderMysterySolved #UPPolice #SitapurCrime #CrimeNews #SitapurUpdate