
सांडिया रोड निर्माण पर उठे सवाल, बनते ही उखड़ने लगी सड़क, बगैर मिट्टी के पौधे रोपण सीमेंट रोड पर पौधे पनपने की नयी टेक्नोलॉजी
पिपरिया। शहर की सांडिया रोड के निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का आरोप है कि सड़क का निर्माण कार्य अभी पूरी तरह समाप्त भी नहीं हुआ है और कई स्थानों पर सड़क उखड़ने लगी है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि निर्माण के दौरान न तो किसी जिम्मेदार इंजीनियर की नियमित निगरानी दिखाई दी और न ही लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों की मौजूदगी नजर आई। आरोप है कि सड़क निर्माण का अधिकांश कार्य मजदूरों के भरोसे छोड़ दिया गया, जिससे गुणवत्ता प्रभावित हुई।
नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि सड़क को कई स्थानों पर लिंक मार्गों से सही तरीके से नहीं जोड़ा गया है। जहां जोड़ने का कार्य किया गया है, वहां ऊंचे-नीचे खटके छोड़ दिए गए हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति दुर्घटना का कारण भी बन सकती है।
लोगों का कहना है कि शहर की शोभापुर रोड और पचमढ़ी रोड की तुलना में सांडिया रोड का निर्माण स्तर काफी कमजोर दिखाई देता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सांडिया रोड के साथ ऐसा भेदभाव क्यों किया गया और निर्माण एजेंसी तथा विभागीय अधिकारियों ने गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सड़क निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि सड़क निर्माण के कुछ ही समय बाद खराब होने लगे तो यह सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला है।
जनता की मांग है कि सड़क निर्माण की स्वतंत्र जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा सड़क की खामियों को शीघ्र दूर किया जाए।