
28 घंटे के रेस्क्यू के बाद नहर से मिला लापता बच्ची का शव, सुनील की बहादुरी की क्षेत्र में चर्चा
कछौना, हरदोई: कछौना क्षेत्र के समसपुर में शारदा नहर की पटरी पर हाथ-पैर धोते समय पैर फिसलने से डूबी तीन बच्चियों के हादसे में एक दुखद अपडेट सामने आया है। घटना के करीब 28 घंटे बाद, ग्राम खजोहना के पास ग्रामीणों ने लापता बच्ची के शव को पानी में तैरते हुए देखा, जिसके बाद उसे बाहर निकाला गया। इस पूरे रेस्क्यू और राहत अभियान में स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एकजुटता की मिसाल पेश की। गुरुवार को हुए इस हादसे के दौरान पास में ही जानवर चरा रहे स्थानीय युवक सुनील राठौर ने अद्भुत साहस का परिचय दिया। चीख-पुकार सुनकर सुनील ने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत नहर के तेज बहाव में छलांग लगा दी। अपनी बहादुरी और सूझबूझ से सुनील ने दो बच्चियों शिवानी और नैंसी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, गहरे पानी और तेज बहाव के कारण वह तीसरी बच्ची शिवांशी उम्र 12 वर्ष को नहीं बचा सका। सुनील के इस अदम्य साहस और बहादुरी की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि तुरंत सक्रिय हो गए। क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा ने पूरी घटना पर लगातार अपनी नजर बनाए रखी और संबंधित अधिकारियों को मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।राहत कार्य को गति देने के लिए सिंचाई विभाग के देवेंद्र सिंह और जे.ई. रामचंद्र ने उच्च अधिकारियों से वार्ता कर नहर के पानी को तुरंत बंद कराया, जिससे सर्च ऑपरेशन में मदद मिल सके। इसके साथ ही ग्राम प्रधान अनूप कुमार उर्फ 'मटरू' ने भी मौके पर मौजूद रहकर पीड़ित परिवार की मदद और रेस्क्यू टीम के समन्वय में अपना विशेष योगदान दिया। बच्ची की तलाश के लिए प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह के नेतृत्व में कछौना पुलिस टीम और सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन में डटी रही। रेस्क्यू को अंजाम देने के लिए एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें पूरे संसाधनों, बोट (नाव) और ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ नहर में उतरीं। जिला प्रशासन की टीमें भी मौके पर मुस्तैद रहीं। 28 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार बच्ची का शव बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया
Sadar, Lucknow | Jul 10, 2026