
*बाइक की ठोकर से दर्दनाक हादसा, एक बच्चे की मौत, दूसरा घायल*
सुरसंड। सीतामढ़ी जिले के सुरसंड प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भिठ्ठा थाना क्षेत्र के श्रीखंडी भिट्ठा पूर्वी में चखनी बाजार स्थित मदरसा के समीप बाइक की ठोकर से दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा घायल हो गया।
मृतक की पहचान 15 वर्षीय सिद्धांत ठाकुर, पिता—दिवाकर ठाकुर के रूप में हुई है। वहीं घायल बच्चे की पहचान 13 वर्षीय बिट्टू कुमार, पिता—अजय ठाकुर के रूप में बताई गई है।
हादसे के बाद दोनों बच्चों को इलाज के लिए सुरसंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद सिद्धांत ठाकुर को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बिट्टू कुमार को बेहतर इलाज के लिए सीतामढ़ी रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सुरसंड थाना के अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वहीं भिठ्ठा थाना से एसआई रजनीश कुमार भी पुलिस बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा बाइक की ठोकर से हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं घायल बिट्टू कुमार को बेहतर इलाज के लिए सीतामढ़ी रेफर किए जाने के बाद परिजन उसे लेकर रवाना हुए हैं।