
28 जुलाई से 08 अगस्त 2026 तक भोपाल में आयोजित होगी सेना भर्ती रैली
सेना भर्ती कार्यालय, भोपाल द्वारा 28 जुलाई से 08 अगस्त 2026 तक अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, भोपाल में सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। भर्ती रैली में मध्यप्रदेश के 15 जिलों अशोकनगर, भोपाल, बैतूल, छिंदवाड़ा, दमोह, गुना, हरदा, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, पन्ना, पांढुर्णा, रायसेन, राजगढ़, सीहोर एवं विदिशा के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन श्रेणियों की भर्ती आयोजित की जाएगी। साथ ही मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के लिए धर्म गुरु एवं एजुकेशन हवलदार की भर्ती रैली भी आयोजित की जाएगी।
सेना द्वारा 01 जून से 12 जून 2026 तक ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) आयोजित की गई थी। सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) का परिणाम 12 जुलाई 2026 को जॉइन इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर अपलोड कर दिया गया है। ऑनलाइन परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थी ही शारीरिक दक्षता सहित अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में भाग ले सकेंगे।
भर्ती रैली में भाग लेने वाले पात्र अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 13 जुलाई 2026 को उनके पंजीकृत ई-मेल पर भेजे जाएंगे। भर्ती रैली में अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र पर अंकित तिथि एवं समय के अनुसार ही प्रवेश दिया जाएगा। सेना भर्ती कार्यालय ने बताया है कि भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थी भर्ती अधिसूचना के अनुसार सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाएं। साथ ही आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर एवं इंटरनेट कनेक्शन युक्त स्मार्ट मोबाइल फोन भी अपने साथ लाना अनिवार्य होगा।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore