
जिससे सालों का रिश्ता वो कल... दो थानों की पुलिस के साथ गर्लफ्रेंड पहुंची प्रेमी के घर और फिर...
जहां घर में शादी का ढोल बजना था वहां पुलिस का सायरन सुनाई देने लगा। एक लड़की दो थानों की पुलिस लेकर अपने प्रेमी के घर पहुंची। ये मामला है यूपी के बुलंदशहर के नरसेना का। अभी मेहंदी का रंग भी फीका नहीं पड़ा था कि इश्क का भूत थाने पहुंच गया।
मंगलवार को थाना नरसेना क्षेत्र के एक गांव में युवक की धूमधाम से सगाई हुई। रिश्तेदारों ने लड्डू बांटे, ढोल बजे, रिश्ता पक्का हुआ। मगर बुधवार होते-होते कहानी में ट्विस्ट आ गया। लड़का और उसका परिवार इसके बाद थाने में दिखा।
बता दें कि जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र से एक युवती सीधे थाने जा पहुंची। आंखों में आंसू और हाथ में शिकायत- साहब, जिससे मेरा वर्षों का रिश्ता था, वो कल किसी और से सगाई कर आया है। लड़की की शिकायत के बादहापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने फौरन नरसेना थाना पुलिस से मिली। दोनों थानों की संयुक्त टीम सायरन बजाती प्रेमी के घर जा धमकी। गांव वालों ने देखा तो चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। ग्रामीण दूल्हे की बारात में जाने की तैयारी कर रहे थे वह सकते में आ गए। लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। पुलिस ने प्रेमी को उनके परिजनों समेत उठाया और सीधे थाना नरसेना ले आई।
4 जुलाई को जानी थी बारात
युवती का कहना है कि युवक से उसका लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शादी का वादा भी किया था, पर चुपके से लड़के ने किसी और लड़की से सगाई कर ली। 4 जुलाई को युवक की बारात जानी है, जिस घर में शादी की तैयारी चल रही थी अब वहां सन्नाटा पसरा है। थाना प्रभारी रामकिशोर गौतम ने इस मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मामला हापुड़ के थाना गढ़ से जुड़ा है। युवती की तहरीर पर गढ़ पुलिस कार्रवाई कर रही है। फिलहाल मामले में जांच जारी है।
लड़की के आरोप हैं कि लड़का शादी का वादा कर चुका है और अब उसे धोखा देकर किसी और लड़की से शादी की तैयारी में लगा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि लड़की के बयान दर्ज कर लिए हैं और लड़के से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस पता लगा रही है कि लड़का अपनी मर्जी से दूसरी जगह शादी कर रहा है या परिवार के दबाव में है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
Hardoi, Hardoi | Jul 3, 2026