
अमेठी में सड़क किनारे कब्जों पर चलेगा अभियान, जगदीशपुर-इन्हौना में अतिक्रमण पर डीएम सख्त
अमेठी। सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने अब सड़क किनारे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगदीशपुर और इन्हौना क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने एनएचएआई अधिकारियों को एसडीएम और सीओ के साथ समन्वय कर अतिक्रमण हटाने को कहा। साथ ही चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग और सड़क मरम्मत के काम प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए।
स्कूली वाहनों और बसों की फिटनेस, परमिट व अन्य दस्तावेजों की जांच के साथ 15 वर्ष से पुराने वाहनों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी प्रभावी चालान अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई, टोल प्लाजा पर क्रेन, गैस कटर और एंबुलेंस की उपलब्धता तथा प्रमुख चौराहों पर प्रकाश और चेतावनी संकेतों की व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर दिया गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
IAS Shashank Chaudhary DM Amethi Suresh Pasi Kishori Lal Sharma
Amethi, Amethi | Sep 24, 2026