
जिला जनसम्पर्क कार्यालय दतिया (म.प्र.)
मध्यप्रदेश शासन
समाचार
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में जनसुनवाई संपन्न
150 से अधिक आवेदनों पर हुई सुनवाई, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान हुआ उद्यम संवाद
दतिया 21 अगस्त 2026 / मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री की अध्यक्षता में आज शुक्रवार को सेवढ़ा में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षय कुमार तेम्रवाल ने भी आमजन के आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान 150 से अधिक आवेदनों पर सुनवाई की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री ने जनसुनवाई के दौरान आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन, शासकीय विद्यालयों में पुस्तक एवं साइकिल वितरण सहित विभिन्न विषयों पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय विद्यालयों में नामांकन एवं ड्रॉपआउट की स्थिति की भी जानकारी लेते हुए विद्यार्थियों की शिक्षा से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में हुआ उद्यम संवाद
जनसुनवाई के दौरान उद्यम संवाद का भी आयोजन किया गया। इसमें युवाओं एवं नागरिकों को स्वयं का उद्योग स्थापित करने तथा उसके विकास के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। साथ ही मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना सहित स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इस दौरान श्री राहुल शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने शासन द्वारा प्रदान की गई सब्सिडी का लाभ लेकर कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित किया है। उनके द्वारा वर्तमान में लगभग 7-8 लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने अन्य युवाओं को भी स्वयं का उद्योग स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
संभागीय आयुक्त श्री खत्री ने युवाओं से स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर युवा अपने स्वयं के उद्योग स्थापित कर न केवल आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकते हैं।
जनपद पंचायत कार्यालय का किया निरीक्षण
जनसुनवाई के उपरांत संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री ने जनपद पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं एवं विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
क्रमांक 167/2026
--------0000-------
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत क्षेत्र भ्रमण के तहत कलेक्टर ने सिविल अस्पताल सेवढ़ा का किया निरीक्षण
सरकारी अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता, मरीजों को दूर न जाना पड़े - श्री वानखड़े
दतिया 21 अगस्त 2026 / मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े ने आज शुक्रवार को सिविल अस्पताल सेवढ़ा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रसव कक्ष, एनआरसी वार्ड, बर्थ वेटिंग रूम, ओपीडी सहित पोषण आहार की व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की हर सोमवार समीक्षा बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाती है। जहां भी लापरवाही सामने आती है, वहां संबंधित के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सेवढ़ा एवं इंदरगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं को पूरी तरह ऑनलाइन करने तथा ओपीडी पर्ची की व्यवस्था ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने के निर्देश दिए। इसके लिए आवश्यक कंप्यूटर सिस्टम तत्काल स्थापित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने तथा सुलभ शौचालय की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। बीएमओ को सेवढ़ा एवं इंदरगढ़ में नियमित रूप से उपस्थित रहकर मरीजों को अटेंड करने तथा आरकेएस के लिए क्यूआर कोड जारी करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने मरीजों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि सरकारी अस्पतालों में सुविधाएं बेहतर हों, ताकि आमजन को उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में जाने की आवश्यकता न पड़े।
क्रमांक 168/2026
--------0000-------
संत रविदास जयंती पर जिले में निकलेगा जनजागरूकता रथ
दतिया 21 अगस्त 2026 / संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर जिले में सामाजिक समरसता एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला दतिया के विभिन्न ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्रों में संत रविदास के संदेशों का प्रचार-प्रसार करने के लिए रथ भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम के तहत 20 अगस्त से 3 सितंबर 2026 तक रथ जिले के विभिन्न ग्रामों एवं क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। इस दौरान ग्रामीणों एवं आमजन को संत रविदास के विचारों, सामाजिक समरसता और समानता के संदेश से अवगत कराया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रथ दतिया नगर, इंदरगढ़, भाण्डेर, सेवड़ा सहित विभिन्न ग्रामों से होकर गुजरेगा। कई स्थानों पर रथ के भ्रमण के साथ संगोष्ठी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान अनुसूचित जाति के वरिष्ठ बालक छात्रावासों में रात्रि विश्राम एवं आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
जिला संयोजक, जनजातीय कार्य विभाग, जिला दतिया द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य संत रविदास जी के समतामूलक विचारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में भाईचारा, समानता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना है।
क्रमांक 169/2026
--------0000-------
संशोधित समाचार
अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक सम्पन्न
लाला के तालाब पर नहीं किया जायेगा गणेश जी की प्रतिमाओं का विजर्सन
दतिया 21 अगस्त 2026 / आगामी 26 अगस्त को मिलाद-उन-नबी त्यौहार, 4 सितम्बर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी और 14 सितम्बर से 22 सितम्बर 2026 तक गणपति महोत्सव मनाया जायेगा उक्त त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में विगत दिवस गुरूवार को शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य त्योहारी माहौल में सामाजिक सौहार्द बनाए रखना, सतर्कता बढ़ाना तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियाँ करना रहा। बैठक के दौरान जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, शांति समिति के पदाधिकारी, नगरपालिका प्रतिनिधि, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि, धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र सिंह कुशवाह ने सभी समुदाय के प्रतिनिधियों से भाईचारे और सौहार्दपूर्वक सभी त्यौहार मनाने की बात कही। उन्होंने कहा गणपति का विसर्जन निर्धारित स्थल कटोरा तालाब, असनई तालाब और करन सागर तालाब में ही किया जायेगा। इस हेतु नगर पालिका दतिया को आवश्यक बरेकेटिंग, पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था तथा गोताखोर की टीम तालाब पर लगाने को कहा गया। बैठक में बताया गया कि लाला के तालाब में गणेश जी प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं किया जायेगा। उन्होंने प्रमुख स्थल, बाजारों में त्योहार से पहले अभियान चला कर साफ सफाई एवं त्यौहार के समय पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश राजस्व निरीक्षक नगरपालिका को दिये। उन्होंने एई एमपीईबी को निरंतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर श्री कुशवाह ने कहा प्रशासन का दायित्व है कि हर नागरिक सुरक्षित और गरिमापूर्ण ढंग से यह पर्व मना सके। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे दो दिन पहले से ही अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दें और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करें।
शांति समिति ने स्थानीय धार्मिक नेताओं और समाजिक प्रतिनिधियों से अपील की कि वे समुदायों को शांति बनाए रखने का संदेश दें और किसी भी विवाद की स्थिति में प्रशासन से तुरंत संपर्क करें।
क्रमांक 170/2026
--------0000-------
पेंशन हितग्राहियों की 30 अगस्त तक शत-प्रतिशत आधार ई-केवाईसी कराने के निर्देश
दतिया 21 अगस्त 2026 / मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षय कुमार तेम्रवाल द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत दतिया, सेवढ़ा, भाण्ड़ेर एवं मुख्य नगर पालिका दतिया दतिया, सेवढ़ा, भाण्ड़ेर, इन्दरगढ़, बड़ौनी को पत्र जारी कर द्वारा पेंशन हितग्राहियों की आधार आधारित ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश गए हैं। इसके लिए फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा से युक्त समग्र मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से ई-केवाईसी कराने पर विशेष जोर दिया गया है।
निर्देशों के अनुसार जिन पेंशन हितग्राहियों की बायोमेट्रिक माध्यम से ई-केवाईसी पूर्ण नहीं हो सकी है, उनकी ई-केवाईसी फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा वाले समग्र मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से अनिवार्य रूप से पूर्ण कराई जाएगी। नवीन पेंशन स्वीकृत करते समय संबंधित हितग्राही की आधार आधारित ई-केवाईसी को भी प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों को अपने क्षेत्र के समस्त पेंशन हितग्राहियों की ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूर्ण कराने, प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा जिन हितग्राहियों की ई-केवाईसी तकनीकी अथवा अन्य कारणों से नहीं हो पा रही है, उनकी समस्या का कारण दर्ज कर तत्काल निराकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
श्री तेम्रवाल ने निर्देशित किया है कि 30 अगस्त 2026 तक शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण कर कार्यालय को तत्काल अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी लंबित रहने के कारण किसी पात्र पेंशन हितग्राही की पेंशन संबंधी कार्यवाही प्रभावित न हो। निर्देशों की अवहेलना अथवा अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जवाबदेही निर्धारित कर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने की चेतावनी भी दी गई है।
क्रमांक 171/2026
--------0000-------
कलेक्टर की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित
दतिया 21 अगस्त 2026 / कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में विगत दिवस शिक्षा विभाग, सर्व शिक्षा अभियान अर्न्तगत संचालित विभिन्न योजनाओं नामांकन, अपार आई०डी०, ड्रॉपबॉक्स, मध्यान्ह भोजन एवं एमबीयू आदि की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री वानखड़े ने सख्त निर्देश दिए कि ऐसे अशासकीय एवं शासकीय विद्यालय जिनके द्वारा एज्यूकेशन पोर्टल 3.0 पर शत-प्रतिशत प्रविष्टि, अपार आईडी बनवाने में जानबूझकर रूचि नहीं ली जा रही है, ऐसे विद्यालय के प्रधानाध्यापक, संचालकों के विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जाये।
उन्होंने मध्यान्ह भोजन के संबंध में निर्देश दिये कि बीआरसीसी, बीएसी एवं जनशिक्षक मॉनीटरिंग, अनुवीक्षण के दौरान सप्ताह में 02 दिवस मध्यान्ह भोजन स्वयं चखकर भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण स्वयं करेंगे। साथ ही मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की सुधार हेतु जनशिक्षक-03, बीआरसी-02, बीएसी-02, बीईओ, डीपीसी, एडीपीसी सप्ताह में एक-एक निरीक्षण आवश्यक रूप से करेंगे। ऐसे स्व-सहायता समूह जिनके द्वारा मध्यान्ह भोजन गुणवत्तापूर्ण न दिया जावेगा, उन्हें हटाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाये।
बैठक के दौरान दिव्यांग बच्चों की प्रविष्टि एज्यूकेशन पोर्टल 3.0 पर शत-प्रतिशत करवाने हेतु विकास खण्ड स्रोत समन्वयकों को निर्देशित किया गया। साथ ही दिव्यांग बच्चों को समस्त प्रकार के भत्ते समय-सीमा में स्वीकृत करने की कार्यवाही सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में शिक्षा विभाग से संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
क्रमांक 172/2026
--------0000-------