
बेतिया में बिहार विधान परिषद के 03, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आज दिनांक 23.10.2026 को निर्धारित मतदान को पूरे जिले में स्वच्छ निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया है। पश्चिम चंपारण जिले में इस मतदान को लेकर जिला के सभी 18 प्रखंड परिसर में मतदान केंद्र बनाए गए थे जहां कुल 1701 मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना था, जिसमें से 1508 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार जिला में मतदान का प्रतिशत 88.65 प्रतिशत रहा है। मतदान में 1283 पुरुष मतदाता एवं 225 महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन पश्चिम चम्पारण, बेतिया के द्वारा मुकम्मल प्रशासनिक व्यवस्था की गई थी। सभी मतदान केंद्र पर स्टेटिक फोर्स के साथ-साथ दंडाधिकारी की प्रतिनिधि की गई थी इसके अतिरिक्त जोनल अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक के द्वारा लगातार मतदान केंद्र का भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया गया। जिला स्तर पर जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई थी जहां से संपूर्ण जिले में चल रहे मतदान की गतिविधियों की पल-पल की रिपोर्ट ली जा रही थी। विधान परिषद के लिए मतदान की प्रक्रिया जिले में पूरी तरह से शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई गई है।