
सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद पटना सिटी में बवाल, NH-30 जाम; पुलिस पर पथराव
पटना सिटी। बाईपास थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में तकिया गांव निवासी मनीष की मौत के बाद शुक्रवार को हालात तनावपूर्ण हो गए। युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-30 को जाम कर दिया, जिससे सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब आक्रोशित लोगों ने सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद जिला प्रशासन की कई गाड़ियों में आग लगाए जाने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया। इसके बाद पुलिस और उपद्रव कर रहे लोगों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल मौके पर बुलाया।
घटना के बाद पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। NH-30 पर जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है। घटना में हुए नुकसान और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।