
सीआईए होडल टीम ने अवैध देशी कट्टे, जिंदा रौंद और मोटरसाइकिल सहित आरोपी धरा।
Aonenews अरविन्द बक्शी
पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में अपराध तथा अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, जिला पलवल की सीआईए स्टाफ होडल पुलिस टीम ने मुस्तैदी से कार्य करते हुए एक आरोपी को अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान आकाश उर्फ प्रदीप निवासी बरसाना, जिला मथुरा,उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
सीआईए स्टाफ होडल प्रभारी P SI अमित कुमार ने बताया कि हवलदार दिनेश कुमार अपनी टीम के साथ सरकारी गाड़ी में अपराध रोकथाम व गश्त पड़ताल के सिलसिले में डबचिक चौक होडल पर मौजूद थे। उसी दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि आकाश उर्फ प्रदीप निवासी बरसाना, उत्तर प्रदेश अपने पास अवैध देशी कट्टा व रौंद लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से कोसी की तरफ से पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर होडल आ रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उजीना ड्रेन नहर होडल पर तुरंत प्रभाव से नाकाबंदी शुरू की। कुछ समय बाद कोसी की तरफ से आती एक पल्सर मोटरसाइकिल को देख पुलिस पार्टी ने रुकने का इशारा किया। आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी से एक अवैध देशी कट्टा तथा एक जिंदा रौंद बरामद हुआ। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। आरोपी इन हथियारों के संबंध में कोई भी वैध लाइसेंस अथवा परमिट पेश नहीं कर सका।
आरोपी के खिलाफ थाना होडल में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की गई तथा कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।