
शाहजहांपुर मिशन शक्ति फेज-06 अभियान एवं नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों की एण्टी रोमियो टीमों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यापक चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत एण्टी रोमियो टीमों द्वारा मंदिरों, दुर्गा पूजा पंडालों, मेला क्षेत्रों, बाजारों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण एवं चेकिंग की गई। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए आवश्यक चेकिंग की गई तथा महिलाओं के प्रति अभद्र व्यवहार, छेड़छाड़ एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम हेतु सतर्कता बरती गई।
एण्टी रोमियो टीमों द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा अन्य समस्या होने पर बिना किसी संकोच के पुलिस को सूचना दें। शाहजहाँपुर पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर है।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों -
*1090 (महिला पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) एवं 108 (एम्बुलेंस सेवा)*
की जानकारी देते हुए उनके उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई।
शारदीय नवरात्रि के दौरान मंदिरों, दुर्गा पूजा पंडालों एवं मेला क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा भीड़भाड़ को दृष्टिगत रखते हुए एण्टी रोमियो टीमों द्वारा विशेष सतर्कता बरती गई। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने तथा सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा की भावना को मजबूत करना रहा।
शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-06 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने हेतु चेकिंग एवं जनजागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है।