
भोपाल में उर्दू अनूदित पुस्तकों का भव्य विमोचन, डॉ. सबीहा रहमानी का हुआ सम्मान
भोपाल। आकार लिटरेरी एंड कल्चरल सोसाइटी द्वारा हिंदी भवन, भोपाल के महादेवी वर्मा कक्ष में आयोजित एक गरिमामय साहित्यिक समारोह में उर्दू में अनूदित दो महत्वपूर्ण पुस्तकों “ख्वाबों के पैरहन” तथा “आसमानी आँखों का मौसम” का विमोचन एवं साहित्यिक चर्चा आयोजित की गई।
कार्यक्रम में “ख्वाबों के पैरहन” (संयुक्त उपन्यास) का उर्दू अनुवाद डॉ. इम्तियाज अहमद गाजी (प्रयागराज) द्वारा किया गया है, जबकि कथा संग्रह “आसमानी आँखों का मौसम” का उर्दू अनुवाद बांदा की वरिष्ठ लेखिका, समाजसेविका एवं चिराग फाउंडेशन की प्रणेता डॉ. सबीहा रहमानी ने किया है। इस विशेष अवसर पर डॉ. सबीहा रहमानी विशेष रूप से बांदा से भोपाल पहुंचीं।
आकार लिटरेरी एंड कल्चरल सोसाइटी के संस्थापक अध्यक्ष इकबाल मसूद ने डॉ. सबीहा रहमानी को शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। पुस्तकों पर आयोजित चर्चा में मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी, भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. मोहम्मद अहसन, डॉ. नीलिमा रंजन तथा महमूद मलिक ने अपने विचार व्यक्त किए और साहित्यिक महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संयोजन एवं प्रभावशाली संचालन मुजफ्फर इकबाल सिद्दीकी ने किया। आयोजन की सफलता के लिए साहित्य प्रेमियों ने आकार लिटरेरी एंड कल्चरल सोसाइटी की पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय विश्व मैत्री मंच, मध्य प्रदेश इकाई की मंत्री जया केतकी, उपाध्यक्ष डॉ. नीलिमा रंजन, सचिव डॉ. विनीता राहूरिकर तथा मीडिया प्रभारी रानी सुमिता ने भी डॉ. सबीहा रहमानी का शॉल, पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया।
साहित्य, अनुवाद और सांस्कृतिक संवाद को समर्पित यह आयोजन उपस्थित साहित्यकारों एवं पाठकों के लिए एक यादगार और अविस्मरणीय शाम साबित हुआ।
#BhopalLiteraryEvent #DrSabihaRahmani #UrduTranslation #AakaarLiterarySociety #HindiUrduSahitya
Banda, Banda | Aug 4, 2026