
शिमला-धामी वाया गवाही-कोहबाग बस सेवा बहाल, ग्रामीणों को राहत, रूट पर चलेगी ई बस
शिमला। शिमला से धामी वाया गवाही-कोहबाग बस सेवा दोबारा बहाल होने से क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। बस सेवा बंद होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन के साथ-साथ धामी उपतहसील तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों के लिए धामी पहुंचने का यह सबसे सरल और सुविधाजनक माध्यम माना जाता है।
बस सेवा बहाल करवाने के लिए दोनों पंचायतों के प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने लगातार प्रयास किए। बीडीसी सदस्य रमेश के विशेष प्रयासों के साथ जिला परिषद सदस्य अनीता शर्मा ने भी मामले में पूरा सहयोग दिया। ग्राम पंचायत घेच-कोहबाग और मायली पंचायत के प्रयास भी इस दिशा में सराहनीय रहे।
गुरुवार को शिमला में नई इलेक्ट्रिक बस सेवा के उद्घाटन के साथ इस रूट पर बस का संचालन दोबारा शुरू हो गया। बस सेवा बहाल होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए सभी जनप्रतिनिधियों, आरएम शिमला और परिवहन विभाग का आभार जताया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि बस सेवा को सफल बनाने के लिए क्षेत्रवासियों को इसका अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए, क्योंकि रूट की सफलता और यात्रियों की संख्या पर ही भविष्य में इस सेवा का संचालन निर्भर करेगा।
वहीं, इस समस्या को प्रमुखता से उठाने के लिए टाइम्स हिमाचल का भी क्षेत्रवासियों ने आभार जताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस सेवा बंद होने के मामले को समाचार माध्यम द्वारा लगातार उठाए जाने से संबंधित विभाग और सरकार तक ग्रामीणों की समस्या पहुंची।
#Kohbag #HRTCHP #Shimla #Dhami