
चप्पे-चप्पे पर पुलिस, GPS से निगरानी; मुरैना में NEET-2026 परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से शुरू
मुरैना। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) रविवार को जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई। परीक्षा में लगभग 2,380 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त निगरानी में सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए। केंद्रों के बाहर और आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि प्रत्येक अभ्यर्थी को सघन जांच और सत्यापन प्रक्रिया के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।
परीक्षा सामग्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रश्नपत्र और अन्य गोपनीय सामग्री ले जाने वाले वाहनों में GPS ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया है, जिससे उनकी हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
बाहरी जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने निःशुल्क बस सेवा की व्यवस्था की है, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समय पर प्रारंभ हुई और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या शिकायत सामने नहीं आई। सुरक्षा और व्यवस्थाओं के चलते परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की दिशा में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
प्रशासन ने अभिभावकों और अभ्यर्थियों से सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। फिलहाल जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है।