
हनुमानगढ़ । सक्षम राष्ट्रीय संगठन समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल की जिला हनुमानगढ़ इकाई की महत्वपूर्ण बैठक आज आयोजित की गई। बैठक में जिले की नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए संगठन विस्तार और सेवा कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया।
आज आयोजित बैठक में प्रदीप गोदारा को सक्षम हनुमानगढ़ का जिला संरक्षक तथा डॉ. राजीव गोयल (जयपुर हॉस्पिटल) को जिला अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।
बैठक की अध्यक्षता प्रांत अध्यक्ष गुरमीत भाई एवं प्रांत सह-सचिव वेलाराम ने की। इस अवसर पर उन्होंने संगठन के उद्देश्यों, सेवा गतिविधियों और भावी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा सक्षम के कार्यों को और अधिक गति देने का आह्वान किया।
बैठक में हनुमानगढ़ में सक्षम सेवा केंद्र की स्थापना के लिए आवश्यक प्रयासों और कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही संगठन के विस्तार, दिव्यजन सेवा कार्यों को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने तथा सक्षम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया गया।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और समाज सेवा के कार्यों को नई दिशा देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सक्षम हनुमानगढ़ की नई टीम ने सेवा और संगठन विस्तार के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।