
मियां बिगहा में पारिवारिक विवाद में पिता और दो ममेरी बहनों को पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप, दो की मौ*त; आरोपी पुत्र गिरफ्तार
रफीगंज (औरंगाबाद)
रफीगंज प्रखंड के कासमा थाना क्षेत्र के मियां बिगहा गांव में 25 सितंबर की रात पारिवारिक विवाद को लेकर घर में आग लगने की घटना सामने आई थी। घटना में झुलसे तीन लोगों को कासमा पुलिस ने तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रफीगंज पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
घटना को लेकर घायल मो. सलीम के फर्द बयान के आधार पर कासमा थाना कांड संख्या 74/26, दिनांक 26 सितंबर 2026 के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि पारिवारिक विवाद में सलीम के पुत्र मो. इस्तेखार ने अपने पिता और दो ममेरी बहनों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
घटना में झुलसे दो लोगों की इलाज के दौरान मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया में मौत हो गई, जबकि एक घायल का इलाज जारी है।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मो. इस्तेखार को रफीगंज रेलवे स्टेशन के समीप से गिरफ्तार कर लिया। कासमा थानाध्यक्ष रूपेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।